अधिकारी गांव-खेतों तक पहुंचकर किसानों को दें योजनाओं की जानकारी : कृषि सचिव

Agriculture

Eksandeshlive Desk

रांची: पशुपालन भवन, हेसाग में गुरुवार को खेत बचाओ अभियान सह राज्य स्तरीय रबी कर्मशाला-2026 का आयोजन किया गया। इसमें किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, परती भूमि का उपयोग बढ़ाने और कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर कृषि सचिव अबुबकर सिद्दीकी पी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को किसानों के हित में पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। अधिकारी गांवों और खेतों तक पहुंचकर किसानों को योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें अधिकतम लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने खेतों की उर्वरता बनाए रखने, परती भूमि में खेती का विस्तार करने और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर जोर दिया। साथ ही सभी जिलों में तालाब, नहर और अन्य सिंचाई संसाधनों का अद्यतन आंकड़ा तैयार कर उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। कृषि उत्पादों के बेहतर मार्केटिंग के लिए बाजार संपर्क मजबूत करने की आवश्यकता भी बताई।

वहीं कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने परती भूमि में फसल आच्छादन बढ़ाने और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण पर जोर दिया। मौके पर बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति सीएस दुबे ने कहा कि भूमि की उर्वरा शक्ति बचाकर ही टिकाऊ कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। कार्यक्रम में मृदा निदेशक विकास कुमार, निदेशक समिति रमाशंकर प्रसाद, गव्य निदेशक संजीव कुमार, कृषि वैज्ञानिकों और विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों सहित अन्य मौजूद थे।

Spread the love