खूंटी के बुड़जू गांव की घटना, नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे मां-बेटे
Eksandeshlive Desk
खूंटी: खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड के सोयको थाना क्षेत्र अंतर्गत बुड़जू गांव में गुरुवार को चेकडैम में डूबने से मां और उसके छह वर्षीय बेटे की मौत हो गई। इस घटना में उनके साथ गया दो वर्षीय छोटा बेटा सुरक्षित बच गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सुबीता कुमारी और उसके छह वर्षीय बेटे सुगना मुंडू के रूप में हुई है। सुबीता बुड़जू गांव निवासी जीतराय मुंडा की पत्नी थी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सुबीता कुमारी अपने दोनों बेटों को लेकर गांव के चेकडैम में नहाने गई थी। इसी दौरान वह और उसका बड़ा बेटा सुगना गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहीं, दो वर्षीय छोटा बेटा सोमा मुंडू चेकडैम के किनारे ही रह गया। कुछ देर बाद वह रोने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को जब मां और बेटे के पानी में डूबने की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद बुड़जू गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मां और बड़े भाई को खोने वाले दो वर्षीय मासूम की स्थिति ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
