By sunil
रांची: अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह ने कहा कि अब अस्पतालों में बिजली नही जाएंगी । उन्होंने झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पतालों में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होना है । उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पतालों तक बिजली आपूर्ति के लिए अंडरग्राउंड केबल के जरिए सीधी लाइन बिछाई जाए, ताकि तूफान या अन्य प्राकृतिक कारणों से बिजली बाधित न हो। साथ ही सभी सदर अस्पतालों में दो अलग-अलग फीडर से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि एक फीडर में खराबी आने पर दूसरा तुरंत काम करे।श्री सिंह ने सभी अस्पतालों में 5 साल का वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध लागू करने का निर्देश दिया, जिससे जरूरत पड़ने पर जनरेटर के जरिए तुरंत बिजली बहाल की जा सके। इसके अलावा आॅपरेशन थिएटर, इमरजेंसी, आईसीयू, पीसीयू और एसएनसीयू जैसे संवेदनशील विभागों के लिए अलग-अलग यूपीएस आधारित बैकअप की व्यवस्था करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओटी के लिए अलग यूपीएस होगा, जबकि अन्य विभागों के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। बैठक में सभी संबंधित विभागों को इन निदेर्शों का जल्द से जल्द पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
