अभिभावक-शिक्षक बैठक में शैक्षणिक व्यवस्था पर हुआ मंथन

Education Ek Sandesh Live

अशोक अनन्त
हंंटरगंंज (चतरा): सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, घंघरी में अभिभावक एवं शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की पढ़ाई की प्रगति, नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं परीक्षा की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मौके पर विद्यालय के प्रबंधक अंबुज कुमार गुप्ता एवं प्रधानाचार्य अजीत कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय के प्रभारी सोनू रजक ने किया। अभिभावकों की ओर से पवन कुमार गुप्ता को कार्यक्रम का अध्यक्ष बनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रबंधक अंबुज कुमार गुप्ता ने कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन एवं दैनिक गतिविधियों पर ध्यान देने की अपील की। वहीं प्रधानाचार्य अजीत कुमार गुप्ता ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का विकास केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। बच्चों के शैक्षणिक, शारीरिक, मानसिक, नैतिक एवं सामाजिक विकास पर समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार, खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी महत्व दे रहा है। बैठक में अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Spread the love