BY BHASKAR
हजारीबाग : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन तथा निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसई एवं मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सीतागढ़ा में अलग-अलग घरों में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान घटनास्थल एवं आसपास के घरों में छिपाकर रखे गए लगभग 600 किलोग्राम किन्वयन योग्य जावा महुआ को विनष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, बर्तन आदि को नष्ट करते हुए लगभग 150 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद कर जब्त की गई। उत्पाद विभाग द्वारा मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी अभियान में निरीक्षक उत्पाद सौरव कुमार झा, अवर निरीक्षक उत्पाद भुवनेश्वर नायक, अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक एंटोनी बागे, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे। जिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
