SUNIL
साहिबगंज/मिर्जाचौकी: मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के बीस नम्बर पहाड़ स्थित बंद पड़ी खदान में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान के गहरे गड्ढे में जमा पानी में नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान महादेववरण निवासी जगलाल चौधरी के 16 वर्षीय पुत्र सुमन चौधरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे सुमन अपने कुछ दोस्तों के साथ बीस नम्बर पहाड़ पर घूमने गया था। वहां बंद पड़ी खदान के गहरे गड्ढे में पानी भरा हुआ था, जिसमें सभी किशोर नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान सुमन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन गड्ढे की अधिक गहराई और पानी की मात्रा के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सुमन को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल मिर्जाचौकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिहार के पीरपैंती रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
यह हादसा एक बार फिर बंद पड़ी खदानों के खुले और पानी से भरे गड्ढों की भयावह स्थिति को उजागर करता है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण मासूम बच्चे और युवा अक्सर हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद खदानों के खतरनाक गड्ढों को सुरक्षित कराया जाए, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
