SUNIL
साहिबगंज/बरहरवा: जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र (सब्जी मंडी) के रहने वाले एक युवक की बिहार के मुंगेर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक अमरजीत शर्मा (उर्फ रौशन शर्मा) की पत्नी जूली देवी ने बरहरवा थाना प्रभारी को प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने हेतु लिखित आवेदन दिया है।
मायके जाने के दौरान हुआ हादसा
आवेदन के अनुसार, जूली देवी अपने पति अमरजीत शर्मा के साथ अपने मायके ‘पुरबका गुमटी जमालपुर, मुंगेर (बिहार)’ गई हुई थीं। 27 जून 2026 की शाम लगभग 6:00 बजे उनके पति मायके के घर से बाहर निकलकर एक ई-रिक्शा में सवार हो रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी भयानक थी कि अमरजीत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और उसी रात (27 जून) इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी पहचान करने का प्रयास सामाजिक स्तर पर किया जा रहा है।
न्याय की गुहार
मृतक की पत्नी जूली देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके पति ही घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उन्होंने थाना प्रभारी से गुहार लगाई है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और मामले की यथोचित जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
