बारिश ने छीना आशियाना, प्रशासन ने दिया सहारा

360° Ek Sandesh Live States

दो प्रभावित परिवारों को स्कूल में तत्काल मिली सुरक्षित पनाह, स्थायी आवास के लिए प्रक्रिया शुरू

AMIT RANJAN

सिमडेगा: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बांसजोर प्रखंड के बांसजोर पंचायत अंतर्गत डोमरा टोली में सावित्री देवी एवं अनीता देवी के कच्चे मकान ध्वस्त हो गए। अचानक घर गिरने से दोनों परिवारों के सामने रहने व सुरक्षित रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की के निर्देश पर बांसजोर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी जयबीरस लकड़ा सहित पंचायत स्तर के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ध्वस्त मकानों का स्थल निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक राहत व्यवस्था सुनिश्चित की।
बारिश के बीच दोनों परिवारों को मिला आशियाना
प्रशासन की तत्परता से दोनों प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की गई। बांसजोर एसएस+2 विद्यालय में दोनों परिवारों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से उन्हें सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया गया, जिससे बारिश के बीच उन्हें खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी नहीं होगी।
स्थायी आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ी
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि सावित्री देवी का नाम अबुआ आवास योजना की प्रतीक्षा सूची में शामिल है, जबकि अनीता देवी का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सर्वे सूची में दर्ज है। दोनों परिवारों को स्थायी आवास का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, गांव में ग्राम सभा आयोजित कर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत भी आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है। जिस आवास योजना के तहत पात्रता के अनुसार स्वीकृति प्राप्त होगी, उसके माध्यम से दोनों परिवारों को स्थायी आवास का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
तत्काल राहत से परिवारों को आंधी, तूफान,वर्षा से मिली सुरक्षा
घर ध्वस्त होने के बाद अचानक उत्पन्न हुए संकट के बीच प्रशासन की ओर से तत्काल सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था किए जाने से दोनों प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है। परिवारों ने प्रशासन की त्वरित पहल व सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Spread the love