News By Akbar Ansari
कुजू : टेकलाल महतो उच्च विद्यालय, सुगिया धनबेड़वा के सचिव व विद्यालय के भूमि दाता बिगु महतो का गुरुवार को निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे रांची रोड स्थित होप हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार बिगु महतो शिक्षा और सामाजिक कार्यों से लंबे समय तक जुड़े रहे और विद्यालय की स्थापना व विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके निधन की खबर से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को स्थानीय शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, ग्रामीण व क्षेत्र के कई प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय परिवार ने उनके निधन को शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति बताया।
