बारिश से राजडंडा नदी का पुल टूटा, महुआडांड़-गारू-पलामू मार्ग पर परिचालन प्रभावित

360°

Eksandeshlive Desk

लातेहार: जिले के पठारी इलाके में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र में राजडंडा नदी का पुल तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। पुल के टूटने से महुआडांड़-गारू-पलामू मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवागमन प्रभावित हो गई। मिली जानकारी के अनुसार महुआडांड़ और आसपास के इलाकों में शनिवार से लगातार तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण राजडांडा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। नदी के तेज बहाव के बीच पानी के दबाव से पुल टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर मार्ग को सील कर दिया।

प्रशासन की ओर से फिलहाल वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की गई है। महुआडांड़ के एसडीएम सुलेमान मुंडरी ने बताया कि पुल टूटने के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन रोक दिया गया है। तत्काल वैकल्पिक मार्ग से आवागमन शुरू कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि रोड डिविजन के अभियंताओं को भी मामले की जानकारी दी गई है। अभियंताओं के पहुंचने के बाद पुल की स्थिति का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। यह सड़क लातेहार, पलामू और महुआडांड़ को छत्तीसगढ़ से जोड़ती है। ऐसे में पुल टूटने से क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

Spread the love