डालमिया भारत फाउंडेशन ने बोकारो में नया ब्यूटीशियन ट्रेनिंग सेंटर शुरू किया, महिलाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर

Business

Eksandeshlive Desk

बोकारो: भारत की प्रमुख सीमेंट कंपनियों में शामिल डालमिया भारत लिमिटेड की सीएसआर इकाई डालमिया भारत फाउंडेशन (डीबीएफ) ने बोकारो के गोरावाली नॉर्थ पंचायत भवन में ब्यूटीशियन ट्रेनिंग सेंटर शुरू किया है। इसका उद्देश्य स्थानीय महिलाओं को काम से जुड़े जरूरी हुनर सिखाकर उन्हें खुद का काम शुरू करने और अपनी आमदनी बढ़ाने में मदद करना है। पहली बैच में 30 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स (एसएचजी) की सदस्य और आसपास के इलाकों की महिलाएं शामिल हैं। तीन महीने के इस प्रोग्राम में महिलाओं को ब्यूटी और पर्सनल केयर सर्विसेस की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे अपने दम पर कमाई शुरू करने के लिए जरूरी स्किल और आत्मविश्वास हासिल कर सकें। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद महिलाएं खुद का काम शुरू करके लगभग 7,000 से 10,000 रुपये प्रति माह तक की कमाई कर सकती हैं।

इस पहल का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में सुनील कुमार के. भुसारी, यूनिट हेड, डीसीबीएल बोकारो, और विशेष अतिथि के रूप में बालेश्वर सिंह राठौर, मुखिया, गोरावाली नॉर्थ पंचायत, की उपस्थिति में हुआ। इस पहल पर टिप्पणी करते हुए सुनील कुमार के. भुसारी, यूनिट हेड, बोकारो, डीसीबीएल, ने कहा, “महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उन्हें ऐसे हुनर सीखने का मौका देना जरूरी है, जिनसे वे कमाई कर सकें। इस पहल के जरिए हम महिलाओं को उनके आसपास ही वोकेशनल ट्रेनिंग दे रहे हैं, ताकि वे नए हुनर सीख सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। हमें उम्मीद है कि यह प्रोग्राम महिलाओं को अपने हुनर के माध्यम से कमाई का स्थायी जरिया बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इससे उनके परिवार और पूरे समुदाय की आर्थिक स्थिति पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।” डीबीएफ अपने कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोग्राम्स के जरिए अपने प्लांट और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए स्किल डेवलपमेंट, आंत्रप्रेन्योरशिप और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम कर रहा है। बोकारो में शुरू किया गया ब्यूटीशियन ट्रेनिंग सेंटर भी इसी दिशा में एक कदम है। इसके माध्यम से महिलाओं को काम आने वाले हुनर सीखने, खुद का काम शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा।

Spread the love