AFSAR ALI
साहिबगंज: “धरती बचाओ अभियान” के तहत राजमहल प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में किसानों के बीच संतुलित उर्वरक उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। आत्मा, साहेबगंज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
प्रखंड तकनीकी प्रबंधक संजय कृष्ण रंजन एवं कृषि समन्वयक निकेश कुमार ने किसानों को बताया कि असंतुलित उर्वरक उपयोग से मृदा की उर्वरता घटती है और उत्पादन प्रभावित होता है, इसलिए मृदा परीक्षण के आधार पर ही उर्वरक का प्रयोग करें।
इस दौरान मृदा स्वास्थ्य कार्ड के लाभ, हरी खाद, गोबर खाद, जैव उर्वरक, वर्मी कंपोस्ट और प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि इससे लागत कम होती है और भूमि की गुणवत्ता लंबे समय तक बेहतर बनी रहती है।
किसानों ने संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक खेती अपनाने का संकल्प लिया। यह अभियान किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
