Nutan Kachhap
लोहरदगा: जिला के कुड़ू थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 143ए पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कुड़ू-लोहरदगा मुख्य मार्ग पर चीरी पुलिया के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय तक युवक सड़क किनारे घायलावस्था में पड़ा रहा। स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान कुड़ू थाना क्षेत्र के चीरी बड़का टोली निवासी बनुआ उरांव के पुत्र प्रेम उरांव के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रेम उरांव अपनी बाइक से किसी काम से लोहरदगा गया हुआ था। काम पूरा करने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लोहरदगा की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने पीछे से उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क किनारे जा गिरा व गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची व घायल युवक को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार युवक की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है व उसका इलाज रिम्स में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद कुड़ू थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया व मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन व उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके।
