ड्रम म्यूजिक कंसर्ट में हाथ की थाप ने रचा आनंद का संगीत

Entertainment

Eksandeshlive Desk

रांची : रोटरी क्लब रांची में ड्रम सर्किल म्यूजिक कंसर्ट का आयोजन किया गया। ड्रम, डांस, डायलॉग थीम पर आधारित यह आयोजन आइआइएम रांची के प्रो गौरव मराठे एवं आलोक सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। ड्रम सर्किल में प्रो. गौरव मनोहर मराठे ने सभी को ड्रम बजाने का तरीका बताया। ड्रम सर्किल की शुरुआत में रोटरी सदस्यों में ड्रम बजाने के प्रति दिख रही झिझक पल भर में ही दूर हो गई। उसके बाद अद्भुत समा बंधा। पूरा माहौल हैप्पीनेस से भर गया। करीब एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में बारी-बारी हर कोई शामिल होता रहा।

इससे पूर्व ड्रम सर्किल के बाबत प्रो. गौरव मराठे ने कहा कि इस आयोजन में भाग लेने और इसका पूरा आनंद उठाने के लिए आपको संगीत की किसी भी पृष्ठभूमि की आवश्यकता नहीं होती है। बच्चे और वयस्क दोनों समान रूप से इस गतिविधि का आनंद ले सकते हैं। इस ड्रम एक्टिविटी में प्रत्येक प्रतिभागी ड्रम बजाते समय शारीरिक और मानसिक रूप से शामिल हो जाता है। अपनी सभी चिंताओं को भूलकर हैप्पीनेस फील करता है। और फिर जब अचानक से म्यूजिक बंद भी कर दिया जाये, तो भी पहले से बज रहे म्यूजिक की रिदम को अपने भीतर तक महसूस करते है। एक असीम शांति की अनुभूति होती है। क्लब अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि हम किसी स्टेज पर संगीत परफॉरमेंस को देखने के बाद अच्छा फील करते हुए घर चले जाते हैं। हमारी खुशी बस उतनी देर के लिए ही होती है। लेकिन ड्रम सर्किल जैसे संगीत के अनूठे प्रयोग में हम स्वयं परफॉर्मर होते हैं। यही इसकी खासियत है। इससे हमारे अंदर कुछ कर गुजरने का आत्मविश्वास भी पैदा होता है।

रोटरी इमेज चेयरमैन प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि ड्रम सर्किल केवल संगीत का आयोजन नहीं, बल्कि लोगों को आपस में जोड़ने और तनावमुक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। सभी का उत्साह और सहभागिता देखकर पक्के तौर पर कह सकते हैं कि संगीत में लोगों को एकसूत्र में बांधने की अद्भुत क्षमता होती है। रोटरी रांची में ड्रम सर्किल कंसर्ट का आयोजन भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रांची के प्रोफेसर प्रो. गौरव मनोहर मराठे के द्वारा किया गया। प्रो मराठे अब तक 400 से अधिक ड्रम सर्किल कंसर्ट का आयोजन कर चुके हैं। ड्रम सर्कल एक सामूहिक संगीतमय गतिविधि है, जहां बिना किसी पूर्व अनुभव वाले लोग भी एक घेरे में बैठकर ड्रम या अन्य तालवाद्य बजाते हैं। इसमें कोई भी मुख्य या लीडर नहीं होता, बल्कि सभी प्रतिभागी मिलकर एक सामूहिक लय बनाते हैं जो एक शानदार और ऊर्जावान अनुभव प्रदान करता है।

Spread the love