News by Washim
ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉर्पोरेट दखलंदाजी के खिलाफ केमिस्टों ने बुलंद की आवाज, आपातकालीन सेवाएं रहीं बहाल
बालूमाथ। ऑनलाइन दवा बिक्री और दवा व्यवसाय में कॉर्पोरेट कंपनियों की बढ़ती दखलंदाजी के खिलाफ बुधवार को बालूमाथ प्रखंड समेत पूरे क्षेत्र में दवा दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के देशव्यापी आह्वान पर आयोजित इस एकदिवसीय हड़ताल का बालूमाथ में व्यापक असर देखने को मिला। बाजार की सभी छोटी-बड़ी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहीं, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयों के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी।
छोटे व्यवसायियों के अस्तित्व पर संकट: जिला सचिव
लातेहार जिला ड्रग ओनर एसोसिएशन के जिला सचिव विजय कुमार ने हड़ताल के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऑनलाइन दवाओं की अनियंत्रित बिक्री और बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों के बाजार में आने से स्थानीय छोटे दवा व्यवसायियों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि इस बंद को जिले के सभी दवा दुकानदारों का शत-प्रतिशत समर्थन मिला है। व्यवसायियों का तर्क है कि ऑनलाइन दवा व्यापार न केवल उनके रोजगार को निगल रहा है, बल्कि इससे बिना चिकित्सकीय पर्ची के दवाएं बेचने और नकली दवाओं के कारोबार को भी बढ़ावा मिल रहा है, जो जनस्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है।
मरीज परेशान, अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं रहीं जारी
दवा दुकानें चौबीसों घंटे बंद रहने के कारण स्थानीय स्तर पर मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहीं, जिससे गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार मिल सका। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वे जनता को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन सरकार की गलत नीतियों के कारण उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा है।
बैठक में एकजुटता का संकल्प
हड़ताल के दौरान स्थानीय दवा व्यवसायियों ने एक बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की और अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। इस मौके पर मुख्य रूप से लातेहार जिला ड्रग ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बिहारी गुप्ता, लखन लाल, जावेद अख्तर, कौशर अली, पंकज सिन्हा, पवन कुमार, मोहम्मद आबिद, सतीश कुमार, रामलाल यादव, नजरुल प्रवेज, डॉक्टर गौश, निरंजन कुमार, अशोक साव, दिनेश मेडिकल और विपिन बिहारी गुप्ता सहित प्रखंड के कई प्रमुख दवा व्यवसायी उपस्थित थे।
