हॉकी सितारों का भव्य स्वागत, एशिया कप विजेताओं का सम्मान

Sports

Eksandeshlive Desk

खूंटी : जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले खूंटी के होनहार खिलाड़ियों का मंगलवार को हॉकी संघ खूंटी की ओर से भव्य स्वागत किया गया। एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों के सम्मान में उत्साह और गौरव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम के सदस्य आशीष तानी पूर्ति और प्रेमचंद सोय और कांस्य पदक विजेता भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी श्रुति कुमारी, सुगन सांगा और नीलम टोपनो का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

खिलाड़ियों के स्टेडियम पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों की थाप, फूल-मालाओं और तिरंगे के साथ उनका स्वागत किया गया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक रामसूर्या मुंडा ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर न केवल खूंटी जिले, बल्कि पूरे झारखंड और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। विधायक ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान स्थापित की है, जो पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और खेल विभाग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए हरसंभव सहयोग देंगे।

इस अवसर पर हॉकी संघ खूंटी के अध्यक्ष अशोक भगत सहित संघ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इधर, एक अन्य कार्यक्रम में समाहरणालय परिसर में खिलाड़ियों को उपायुक्त मो जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार प्रकाश भी उपस्थित थेे।कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों एवं कोच ने प्रतियोगिता से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्त ने खिलाड़ियों को शॉल, ट्रॉफी एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Spread the love