हाजी साबिर हुसैन के निधन पर रेड क्रॉस में शोक सभा

360° Ek Sandesh Live

अशोक अनन्त

चतरा: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी चतरा के सक्रिय एवं समर्पित सदस्य हाजी साबिर हुसैन के निधन पर रविवार को रेड क्रॉस कार्यालय परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा की अध्यक्षता रेड क्रॉस सोसाइटी चतरा के सचिव धर्मेन्द्र पाठक ने की। सभा की शुरुआत हाजी साबिर हुसैन की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर रेड क्रॉस के सचिव धर्मेन्द्र पाठक ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हाजी साबिर हुसैन का निधन रेड क्रॉस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस ने केवल एक सक्रिय सदस्य ही नहीं, बल्कि एक अनुभवी मार्गदर्शक, अभिभावक और समाजसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है। उनके अनुभव, सुझाव और संगठन के प्रति समर्पण को सदैव याद रखा जाएगा। उनके निधन से हुई क्षति की भरपाई कभी संभव नहीं हो सकेगी।
रेड क्रॉस के कोषाध्यक्ष गोपाल वर्मा ने कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान जब भी किसी प्रकार की उलझन या समस्या सामने आती थी, तो हाजी साबिर हुसैन का मार्गदर्शन सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनता था। उन्होंने हमेशा संगठन और समाजहित में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व सरल, सहयोगी और सेवा भावना से परिपूर्ण था। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। शोक सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने हाजी साबिर हुसैन के सामाजिक योगदान, मानवीय मूल्यों और रेड क्रॉस के प्रति उनकी निष्ठा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक व्यक्त करने वालों में रेड क्रॉस के वाइस चेयरमैन विवेक केशरी, मेडिकल इंचार्ज डॉ. विजय अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य संतन पांडेय, पंकज दूबे, चंद्रदेव गोप, जितेंद्र जैन, नशीरुद्दीन अंसारी, अजय चौरसिया, आकाश सिंह, रविन्द्र मित्तल, जावेद पप्पू रजा, रेड क्रॉस कर्मी रत्नेश कुमार, सुप्रिया कुमारी, सुमन कुमारी, विजय कुमार, मधुलता कुमारी, तापेश्वर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।

Spread the love