झोपड़ी से निकला सफलता का सूरज: 99.60% अंकों के साथ प्रेम ने रचा इतिहास

Education Ek Sandesh Live

राज्यसभा सांसद ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित,एक लाख की मदद का ऐलान

Md MUSTFA

मेसरा /रांची: “हौसले बुलंद हों तो मुट्ठी में आकाश होता है,कठिनाइयों के बीच ही सफल इतिहास होता है।” इस कहावत को अक्षरशः सच कर दिखाया है बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के नेवरी विकास निवासी प्रेम कुमार साहू ने। मैट्रिक की परीक्षा में 99.60% (498 अंक) हासिल कर प्रेम ने न केवल राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया,बल्कि यह भी साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुख-सुविधा की मोहताज नहीं होती। ​शुक्रवार को राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू प्रेम के आवास पहुंचे। उन्होंने प्रेम को फूलों की माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर भावुक अभिनंदन किया। सांसद ने प्रेम के संघर्ष को सलाम करते हुए कहा,एक साधारण परिवार के बच्चे का राज्य की मेरिट लिस्ट में शीर्ष पर आना इस बात का प्रमाण है कि मेहनत के आगे परिस्थितियां घुटने टेक देती हैं। छात्र के भविष्य को संवारने के लिए सांसद ने मौके पर ही 1,00,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। जिप सदस्य सह प्रेमचंद हाई स्कूल सचिव संजय कुमार महतो ने कहा, ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि बाधाएं केवल मन में होती हैं, रास्तों में नहीं। आज उसने अपनी कलम से इस क्षेत्र का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिख दिया है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मशाल का काम करेगी। प्राचार्य उपेन्द्र प्रसाद ने कहा,एक शिक्षक के लिए इससे गौरवपूर्ण क्षण और कोई नहीं हो सकता। प्रेम की एकाग्रता और अनुशासन ही उसकी सफलता का मूल मंत्र है। झोपड़ी से निकलकर राज्य का शिखर छूना किसी चमत्कार से कम नहीं है। वहीं, मुखिया साधो उरांव ने प्रेम को गले लगाकर बधाई देते हुए कहा प्रेम की यह जीत केवल एक छात्र की नहीं, बल्कि पूरे मेसरा,नेवरी और रांची जिले की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत प्रतिनिधि के तौर पर वे प्रेम की आगे की राह में कोई बाधा नहीं आने देंगे। ​इस अवसर पर उपस्थित विद्वानों ने शास्त्रों के उस श्लोक को दोहराया जिसमें विद्या को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ धन बताया गया है,जिसे न कोई चुरा सकता है और न ही बांट सकता है। मौके पर उप मुखिया मझर अंसारी, पंसस संदीप पाहन, नरेंद्र कुमार सहित कई ग्रामीण और समाजसेवी उपस्थित थे, जिन्होंने एक स्वर में प्रेम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Spread the love