NUTAN
लोहरदगा: झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) के लिए हुए खिलाड़ियों के चयन में लोहरदगा जिले के क्रिकेटरों ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। जिले के कई खिलाड़ियों का विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों में चयन हुआ है, जिससे पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
लोहरदगा के प्रतिभाशाली क्रिकेटर जतिन पांडे को रांची टाइटंस ने 4 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। वहीं लक्ष्य, आदित्य राज झा और हिमांशु रंजन कुमार को 50-50 हजार रुपये में खरीदा गया। इसके अलावा युवराज कुमार को 25 हजार रुपये में टीम में जगह मिली। खिलाड़ियों के चयन के साथ-साथ लोहरदगा के क्रिकेट कोच अमित कुमार को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें जमशेदपुर स्टीलर्स फ्रेंचाइजी ने असिस्टेंट कोच के रूप में नियुक्त किया है। यह उपलब्धि जिले के क्रिकेट जगत के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। इस खुशी के अवसर पर लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने सभी चयनित खिलाड़ियों एवं कोच अमित कुमार को हार्दिक बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकारी अध्यक्ष भास्कर दास गुप्ता ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसोसिएशन के सचिव आलोक कुमार राय ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने-अपने फ्रेंचाइजी के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आने वाले मैचों के लिए शुभकामनाएं भी दीं। पूर्व रणजी खिलाड़ी आशीष कुमार ने भी लोहरदगा के सभी चयनित खिलाड़ियों एवं कोच अमित कुमार को बधाई देते हुए उनके सफल प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर असिस्टेंट कोच के रूप में चयनित अमित कुमार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं तथा अपने चयन के लिए जिला क्रिकेट संगठन एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से पूर्व रणजी खिलाड़ी अजातशत्रु का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग ने इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। झारखंड प्रीमियर लीग में लोहरदगा के खिलाड़ियों और कोच की इस उपलब्धि से जिले के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और सभी को उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।
