कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ पर साधा निशाना

360° Ek Sandesh Live Politics

sunil

रांची: प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बुधवार को रांची लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस देश की संपत्ति का सर्वे इसलिए करानी चाहती है ताकि देश की जनता को यह पता चल सके कि भाजपा ने अपने शासनकाल में देश की कितनी संपत्तियां बेची है। देश की जनता की गाढ़ी कमाई से कांग्रेस की सरकार ने जो सरकारी संपत्ति बनाई उसे कैसे अपने पूंजीपति मित्रों के हवाले कर दिया और देश की जनता कंगाल होते चली गई। इसकी जानकारी देशवासियों को होना जरूरी है। सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस इसलिए भी संपत्ति का सर्वे कराना चाहती है ताकि जनता यह जान सके कि भाजपा के नेताओं ने कैसे अनैतिक तरीके से अथाह संपतियां अर्जित की हैं। उन्होंने कहा कि 16 लाख करोड़ रुपये पूंजीपतियों का कर्ज माफ क्यूं किया गया। इसका जवाब संजय सेठ को देना चाहिए। मोदी ने जितनी राशि पूंजीपति मित्रों का माफ किया उससे दस करोड़ अन्नदाता किसान परिवारों का कर्ज माफ किया जा सकता था और किसानों को आत्महत्या करने से बचाया जा सकता था। सिन्हा ने कहा कि भाजपा सांसद संजय सेठ को महंगाई और बेरोजगारी पर बात करनी चाहिए। इन दस सालों में प्रधानमंत्री ने देश को गर्त में पहुंचा दिया। संजय सेठ यह बताएं कि अपने पांच साल के कार्यकाल में कभी भी सदन में महंगाई, बेरोजगारी, सरना धर्म कोड, ओबीसी को 27 प्रतिशत का आरक्षण की आवाज लोकसभा में क्यों नहीं उठाई। यदि इन मुद्दों को उन्होंने सदन में उठाया है तो राज्य की जनता के समक्ष प्रमाण देना चाहिए। सिन्हा ने कहा कि सिर्फ झूठ बोलकर केन्द्र सरकार के भ्रष्टाचार को वह ढक नहीं सकते। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भाजपा और उसके नेता नरेन्द्र मोदी के झूठ और समाज को बांटने की राजनीति को समझ चुकी है और वोट के माध्यम से चोट करने के लिए तैयार बैठी है।