उपमुखिया एवं स्वयं सेवकों की तत्परता से सुचारूप से चला वेरिफिकेशन का कार्य
अजय राज
प्रतापपुर(चतरा):प्रतापपुर प्रखंड क्षेत्र के पंचायत भवन में मंगलवार को ह्यमुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजनाह्ण के भौतिक सत्यापन एवं अपात्र महिलाओं का नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया को लेकर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं जरूरी दस्तावेजों के साथ पंचायत भवन पहुंचीं और सत्यापन कार्य के लिए लंबी कतारों में खड़ी नजर आईं।
मौके पर उपस्थित पंचायत के उप मुखिया आकाश कुमार ने बताया कि सरकार की मंशा है कि योजना का लाभ केवल सही और पात्र महिलाओं तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से पंचायत भवन में विशेष शिविर आयोजित कर लाभुकों के दस्तावेजों की जांच एवं भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिन महिलाओं को अपात्र पाया जाएगा, उनका नाम योजना की सूची से हटा दिया जाएगा। इसी कारण पात्र महिलाएं भी अपने दस्तावेजों को सही कराने और सत्यापन सुनिश्चित कराने के लिए पंचायत भवन पहुंच रही हैं। हालांकि मौके पर पंचायत सचिव या कोई भी सरकारी बाबू नजर नहीं आए और सारा कार्य उपमुखिया और पंचायत स्वयं सेवक के माथे ही छोड़ दिया गया है।।
वेरिफिकेशन प्रक्रिया के तहत महिलाओं से आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र तथा आधार से लिंक बैंक खाते की प्रति जमा कराई जा रही है। भौतिक सत्यापन के पश्चात अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों का मिलान कर लाभुकों की पात्रता की जांच की जाएगी और अपात्र लोगों का नाम योजना के लाभुक लिस्ट से हटा दिया जाएगा।।गर्मी के बीच बढ़ी परेशानीभीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद महिलाएं सुबह से ही पंचायत कार्यालय के बाहर लाइन में लगी रहीं। अधिक भीड़ होने के कारण कई जगह अव्यवस्था और देर से काम होने की शिकायतें भी सामने आईं। हालांकि उपमुखिया सहित स्वयंसेवक संदीप कुमार, रिंकी कुमारी, संजय चौधरी आदि के द्वारा व्यवस्था संभालने और महिलाओं को सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सत्यापन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी होती है तो योजना का लाभ वास्तव में जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंच सकेगा।मालूम हो कि मुख्यमंत्री मैयां सम्मान योजना का सत्यापन कार्य 30 मई तक चलेगा।।
