मुठभेड़ में जमीन कारोबारी भार्गव हत्याकांड का शूटर सत्यम घायल

360° Crime Ek Sandesh Live

ASHOK DWIVEDI

रांची: राजधानी रांची में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह के हत्यारोपी शूटर सत्यम पाठक को रांची पुलिस ने बुधवार की सुबह एक मुठभेड़ में गोली मारकर घायल कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को सुबह-सुबह पुलिस व शूटर सत्यम पाठक के बीच देवी मंडप रोड के डैम साइड इलाके में मुठभेड़ हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि सत्यम पाठक चर्चित जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड में आरोपी है व लंबे समय से पुलिस की नजर में था। सूत्रों के अनुसार, रांची के एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि सत्यम पाठक डैम साइड इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम को तुरंत इलाके में भेजा गया व सुबह के समय घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की गई। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, सत्यम पाठक ने पुलिस को देखकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ ही देर में दोनों तरफ से गोलियां चलीं व इसी क्रम में सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लग गई।
घायल हालत में पकड़ा गया सत्यम पाठक
गोली लगने के बाद सत्यम पाठक मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया। रांची पुलिस के अनुसार सत्यम पाठक का नाम जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड में मंगलवार को सामने आया था। उसके बाद से ही पुलिस इस केस में लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। सत्यम पाठक को इस हत्याकांड में अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार सत्यम पाठक पूर्व पार्षद वेद प्रकाश हत्याकांड का भी आरोपी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम का मकसद सत्यम पाठक को जिंदा पकड़कर उससे पूछताछ करना था। लेकिन आरोपी ने खुद फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। पुलिस का कहना है कि इलाज के बाद सत्यम पाठक से पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि पूछताछ में भार्गव सिंह हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं व अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

Spread the love