नेपाल-भारत के बीच क्रॉस-बॉर्डर रेमिटेंस सेवा शुरू, अब तुरंत भेज सकेंगे पैसा

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

काठमांडू : नेपाल और भारत के बीच क्रॉस-बॉर्डर पर्सन-टु-पर्सन (पी2पी) रेमिटेंस सेवा शुरू कर दी गई है। इस सेवा के माध्यम से ग्राहक सुरक्षित डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नेपाल और भारत के बीच तत्काल धनराशि भेज और प्राप्त कर सकेंगे। बैंक के अनुसार यह सेवा दोनों देशों के ग्राहकों के लिए सीमा-पार भुगतान को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इस सेवा के तहत नेपाली बैंक में खाता रखने वाले भारतीय नागरिक अब अपने मोबाइल बैंकिंग एप ‘एनबैंक’ का उपयोग कर भारत में रहने वाले अपने परिवारजनों और मित्रों को तुरंत पैसा भेज सकेंगे।

नबिल बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार ज्ञावली ने कहा कि यह सेवा सीमा-पार भुगतान को तेज और आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नेपाल और भारत दोनों देशों में डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बैंक ने बताया कि सेवा के उपयोग में नियामकीय प्रावधानों और ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लेनदेन की सीमा निर्धारित की गई है। नेपाल से भारत धनराशि भेजने पर ग्राहक प्रतिदिन अधिकतम 15 हजार भारतीय रुपये तथा प्रति माह अधिकतम 1 लाख भारतीय रुपये तक भेज सकेंगे। भारत से नेपाल धनराशि भेजने की दैनिक अधिकतम सीमा 2 लाख भारतीय रुपये निर्धारित की गई है, जबकि इस दिशा में मासिक सीमा लागू नहीं होगी।

Spread the love