रांची: जिले में नवपदस्थापित जिला शिक्षा अधीक्षक का झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ एवं झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में अंगवस्त्र, गुच्छ व पौधा भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी शिक्षक संगठनों, शिक्षकों व शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकेगा। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिले के शिक्षकों से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं से जिला शिक्षा अधीक्षक को अवगत कराया। विशेष रूप से जिले में नव नियुक्त सहायक आचार्यों का यथाशीघ्र विद्यालयों में पदस्थापन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। इस पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि सभी सहायक आचार्यों के विद्यालय आवंटन व पदस्थापन की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर संचालित की जा रही है। शीघ्र ही सभी को उनके निर्धारित विद्यालयों में पदस्थापित कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से जिले के शेष स्थानीय अवकाशों के निर्धारण हेतु जिला शिक्षा अधीक्षक महोदय को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान सचिव सह प्रदेश उपाध्यक्ष, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, राज्य प्रतिनिधि एवं जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
