पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ बालूमाथ में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान

360° Ek Sandesh Live

बालूमाथ: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार मंगलवार को बालूमाथ प्रखंड में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। यह अभियान बालूमाथ के साहू पेट्रोल पंप पर आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर आम जनता, किसानों, मजदूरों, युवाओं एवं मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।इस मौके पर बालूमाथ कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो. आमिर हयात ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी तथा बढ़ती महंगाई के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।अभियान के अंत में हस्ताक्षर अभियान से संबंधित प्रतिवेदन पार्टी के वरीय नेताओं को भेजने की बात कही गई। कार्यक्रम में कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Spread the love