रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी की प्रचंड जीत पर झारखंड भाजपा काफी उत्साहित है। भाजपा नेताओं ने पहले ही परिमल नाथवानी की जीत का दावा किया था जो आज सच साबित हुई। कांग्रेस की सारी रणनीति बेकार साबित हुई और एनडीए समर्थित प्रत्याशी ने जीत का परचम लहरा दिया। परिमल नाथवानी की शानदार जीत पर झारखंड विधानसभा में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित तमाम भाजपा नेताओं ने उन्हें जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वहीं परिमल नाथवानी का भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी भव्य स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर परिमल नाथवानी ने संबोधित भी किया।
