प्रतापपुर सब स्टेशन में बढ़ी बिजली आपूर्ति क्षमता, 5 एमवीए का एक और ट्रांसफार्मर किया गया अधिष्ठित

360° Ek Sandesh Live

By Ajay Raj

जनता का सीधा सवाल माननीय सांसद एवं विधायक से….आखिर कब शुरू होगा डाढ़ा ग्रिड


प्रतापपुर (चतरा)
: प्रतापपुर प्रखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रतापपुर विद्युत सब-स्टेशन में पिछले कई महीनों से खराब पड़े 3 एमवीए स्टेप-डाउन ट्रांसफार्मर को शनिवार को बदलकर उसके स्थान पर 5 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। इस बदलाव से क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या में कुछ हद तक सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।
विद्युत सब स्टेशन के कर्मियों ने बताया कि प्रतापपुर सब स्टेशन में पहले एक 5 एमवीए और एक 3 एमवीए ट्रांसफार्मर के माध्यम से चार फीडरों—हारा, गुड़तुरी, हिंदिया तथा टाउन—को बिजली आपूर्ति की जाती थी। कुछ माह पूर्व 3 एमवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण सारा लोड एक 5 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर पर आ गया था जिस वजह से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई थी और उपभोक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।अब खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह एक और 5 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने से सब स्टेशन की कुल क्षमता में वृद्धि हुई है। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ वोल्टेज की स्थिति में भी सुधार होने की संभावना है।हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की मूल समस्या अभी भी बरकरार है। जानकारी के अनुसार चतरा से प्रतापपुर सब स्टेशन को निर्धारित 33 केवी बिजली आपूर्ति नहीं मिल पाती है। अधिकांश समय यहां केवल 18 से 20 केवी बिजली ही पहुंचती है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। यही वजह है कि कई बार एक साथ सभी फीडरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति संभव नहीं हो पाती।वहीं चतरा जिला के जनप्रतिनिधियों की आपसी रंजिश, बड़बोलेपन तथा उदासीनता और साथ ही साथ विभाग की घोर लापरवाही की वजह से इटखोरी ग्रिड के चालू होने के पांच साल बीत जाने के बाद भी चतरा के डाढा में करोड़ों रुपए खर्च कर बने ग्रिड में 1 लाख 32 हजार बोल्ट बिजली नहीं पहुंच पाना समझ से परे है। ताज्जुब की बात तो तब है जब चतरा जिला से सटे पड़ोसी राज्य बिहार के इमामगंज प्रखंड और शेरघाटी जैसे स्थान पर 1लाख 32 हजार ग्रिड स्थापित है और गांव के गांव दूधिया रोशनी में जगमगा रहे हैं।।
चतरा की जनता सांसद और विधायक से सवाल पूछ रही है कि आखिर चतरा का डाढा ग्रिड कब चालू होगा और कब तक एनओसी के खेल में चतरा क्षेत्र की जनता गर्मी में पिसती रहेगी।।

Spread the love