Eksandeshlive Desk
कोलकाता : कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को पश्चिम बंगाल की पहली भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता आयाेजित समारोह में मौजूद रहे। भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ पांच मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया। नई भाजपा सरकार की पहली मंत्रिपरिषद में उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल दोनों क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। मंत्रिमंडल में आदिवासी, मतुआ और राजबंशी समाज के नेताओं को भी जगह मिली है।
जल्द ही शुभेंदु अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे : शुभेंदु अधिकारी के साथ जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली उनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडू शामिल हैं। हालांकि, अभी विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर और नंदीग्राम सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर, अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल दक्षिण, अशोक कीर्तनिया ने बनगांव उत्तर, क्षुदिराम टुडू ने रानीबांध और निशीथ प्रमाणिक ने माथाभांगा सीट से जीत दर्ज की है। हालांकि, अभी पूरी मंत्रिमंडल का गठन नहीं हुआ है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही शुभेंदु अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। उल्लेखनीय है कि, चार मई को घोषित विधानसभा चुनाव नतीजों में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया था। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे माना जा रहा था। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आधिकारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की। अमित शाह ने कहा कि विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए आए सभी प्रस्तावों में केवल शुभेंदु अधिकारी का ही नाम था और किसी अन्य नाम का प्रस्ताव नहीं आया। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित किया गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सुवेंदु अधिकारी को सफल कार्यकाल की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन सरकार’ की शक्ति के साथ पश्चिम बंगाल अब विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए दौर की ओर अग्रसर है तथा ‘सोनार बांग्ला’ के साझा संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मां गायत्री देवी ने शुभेंदु अधिकारी के बचपन को किया याद, दी नसीहत : पश्चिम बंगाल के नौंवे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की माता गायत्री देवी ने अपने बेटे के बचपन की यादे ताजा करते हुए उन्हें विवेक से काम करने की नसीहत दी है। गायत्री देवी ने कहा कि कुछ दिन पहले घर की छत पर बड़े-बड़े कमल के फूल खिले थे, जिसे देखकर उन्हें पहले ही संकेत मिल गया था कि राज्य में “कमल खिलेगा”। उनके अनुसार, उसी समय उन्हें लगा था कि इस बार राजनीतिक बदलाव तय है। उन्होंने अपने बेटे शुभेंदु अधिकारी के बचपन को याद करते हुए बताया कि माध्यमिक स्तर तक वह अधिकतर घर के भीतर ही रहते थे, लेकिन बाद में कॉलेज जीवन से ही सक्रिय राजनीति में जुड़ गए। उन्होंने कहा कि बचपन में शुभेंदु बागवानी में काफी रुचि लेते थे और घर के बगीचे में समय बिताते थे। गायत्री देवी ने यह भी बताया कि शुभेंदु को पांता भात (पानी में भिगोए हुए चावल) बेहद पसंद है और गर्मियों की रातों में वह अक्सर हल्के भोजन की मांग करते हैं, जिसमें आलू भुजिया, मछली या अंडे का आमलेट शामिल रहता है। अपने बेटे से अपेक्षाओं पर उन्होंने कहा कि वह जो भी निर्णय ले, अपने विवेक से काम करे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने बेटे की गतिविधियों की जानकारी मिलती रहती है। गायत्री देवी ने बताया किया कि शुभेंदु बचपन से ही धार्मिक प्रवृत्ति के रहे हैं और स्वामी विवेकानंद के बड़े भक्त हैं।
आखिरकार ममता बनर्जी ने बदला सोशल मीडिया प्राेफाइल : पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी बदलावों के बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल अपडेट किया है। वहीं, शपथ ग्रहण के बाद शुभेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में अपने नाम के साथ मुख्यमंत्री शब्द जोड़ लिया। साेशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर ममता बनर्जी ने अब अपने प्रोफाइल में खुद को तीन बार की मुख्यमंत्री बताया है। उन्होंने लिखा है कि वह 15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रही हैं और फिलहाल, तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। लेकिन उन्होंने कहीं भी ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। अब तक उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स में ‘मुख्यमंत्री’ लिखा हुआ था, लेकिन हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद यह बदलाव सामने आया है। चुनाव परिणाम आने के बाद तृणमूल कांग्रेस की ओर से दावा किया गया था कि पार्टी पराजित नहीं हुई बल्कि उसे साजिश के तहत हराया गया है। वहीं, ममता बनर्जी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह इस्तीफा नहीं देंगी और इसे राजनीतिक साजिश बताया था।उल्लेखनीय है कि, 2011 में भी बंगाल में सत्ता परिवर्तन हुआ था, जब 34 साल के वाम शासन का अंत हुआ था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने परिणाम के बाद इस्तीफा दे दिया था, लेकिन इस बार ममता बनर्जी ने इस्तीफा नहीं दिया और अब सोशल मीडिया बायो में बदलाव के बाद राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई हैं।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने पर दी बधाई : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुवेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। शेख हसीना ने शनिवार को बांग्लादेश अवामी लीग के आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत और मुख्यमंत्री पद संभालने पर वह सुवेंदु अधिकारी को अपनी ओर से तथा बांग्लादेश की जनता की ओर से हार्दिक बधाई देती हैं। हसीना ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता का जनादेश सुवेंदु अधिकारी के सशक्त और जनोन्मुखी नेतृत्व में उनके गहरे विश्वास और सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल भारत और बांग्लादेश की मित्रता के इतिहास में एक विशेष स्थान रखता है तथा दोनों पक्ष भाषा, संस्कृति और विरासत के साझा संबंधों से जुड़े हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भारत और बांग्लादेश के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। पड़ोसी होने के नाते बांग्लादेश हमेशा पश्चिम बंगाल की समृद्धि और शांति की कामना करता रहा है। आशा है कि सुवेंदु अधिकारी के कार्यकाल के दौरान हमारे बीच आपसी सहयोग की सुदीर्घ परंपरा और भी अधिक सुदृढ़ होगी। हम दोनों जनता के साझा विकास और कल्याण के लिए मिलकर कार्य करना जारी रखेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री हसीना ने सुवेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मंत्रिमंडल के सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल कार्यकाल की भी कामना की।
