Eksandeshlive Desk
रांची: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकानदार और स्थानीय लोगों के बीच हुई मारपीट के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चुटिया थाना पहुंचे। लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों पक्षों के खिलाफ तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात पॉवर चौक के पास स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक और चुटिया के नायक टोली निवासी कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। आरोप है कि आक्रोशित युवकों और दुकानदार के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई थी।
घटना में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई एक पक्ष के पक्ष में होती दिखाई दे रही है। इसी को लेकर बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। थाना पहुंचे लोगों ने कहा कि जब घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, तो पुलिस को दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच करनी चाहिए। लोगों ने निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इधर, पुलिस ने थाना पहुंचे लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारपीट की घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से मिली जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
