सड़क बेहतर होगी तो क्षेत्र का विकास भी होगा तेज: विधायक भूषण बाड़ा

360° Ek Sandesh Live

AMIT RANJAN

कुरडेग: लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे कुरडेग प्रखंड के लोगों के लिए रविवार का दिन राहत की उम्मीद लेकर आया। सिमडेगा से कुरडेग होते हुए कुटमकच्छार तक सड़क मरम्मत कार्य का शिलान्यास माइकल किंडो चौक पर सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा ने किया। विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। सड़क की हालत सुधरने की उम्मीद से स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई। सड़क की बदहाली के कारण लंबे समय से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जगह-जगह बने गड्ढे, उखड़ी सड़क और बारिश के दौरान जलजमाव ने परेशानी और बढ़ा दी थी। दोपहिया वाहन चालकों से लेकर छोटे-बड़े वाहनों तक को इस मार्ग पर संभलकर चलना पड़ता था। ऐसे में सड़क मरम्मत कार्य का शिलान्यास होने के बाद लोगों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि अब लोगों को ऐसी परेशानी से गुजरना नहीं पड़ेगा। सड़क की मरम्मत के बाद आवागमन सुगम होगा और लोगों का समय भी बचेगा। विधायक ने कहा कि सड़क केवल आने-जाने का रास्ता नहीं होती, बल्कि यह गांव को बाजार, अस्पताल, स्कूल और रोजगार से जोड़ने का माध्यम होती है। सड़क बेहतर होगी तो क्षेत्र का विकास भी तेज होगा। उन्होंने कहा कि कुरडेग के लोगों की वर्षों पुरानी परेशानी को देखते हुए सड़क की मरम्मत जरूरी थी। अब काम शुरू होने जा रहा है तो निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद वाहन चालक भी राहत की सांस लेंगे और उनकी गाड़ियों के पहिए भी कम झटके खाएंगे। विधायक की इस बात पर मौके पर मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।

कुरडेग ही नहीं, दूसरे राज्यों की ओर जाने वालों को भी होगा लाभ
सिमडेगा से कुरडेग कुटमकच्छार तक जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसका जुड़ाव आगे छत्तीसगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग से होता है। ऐसे में सड़क की स्थिति सुधरने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे राज्यों की ओर आवागमन करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के सिलसिले में आने-जाने वाले लोगों के लिए भी यह सड़क महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण कई बार थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता था। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी। सड़क की मरम्मत पूरी होने के बाद आवागमन आसान होने के साथ-साथ वाहनों के रखरखाव पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होने की उम्मीद है।

सड़क विकास को विधायक ने बताया क्षेत्र की जरूरत
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए अच्छी सड़क जरूरी है। पहले भी कुरडेग क्षेत्र की कई सड़कों के निर्माण और कालीकरण की योजनाओं को लेकर पहल हुई है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ तभी गांव तक पहुंचेगा, जब गांवों तक पहुंचने के रास्ते बेहतर होंगे। सड़क के माध्यम से किसान अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचा सकते हैं, विद्यार्थी आसानी से स्कूल-कॉलेज जा सकते हैं और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी सुविधा होती है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात
निर्माण कार्य कर रहे संवेदक ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा और कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का प्रयास रहेगा। निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद लोगों ने सड़क निर्माण की पहल का स्वागत किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही परेशानी अब जल्द समाप्त होगी और सड़क बनने के बाद कुरडेग की राह पहले से कहीं अधिक सुगम होगी।

कुरडेग को सिमडेगा शहर से भी चकाचक बनाने का प्रयास कर रहे हैं विधायक भूषण बाड़ा
जिप सदस्य सह कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा ने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा ने कुरडेग को सिमडेगा शहर से भी ज्यादा चकाचक बनाने का सपना देखा है। यह सपना सिर्फ देखने तक सीमित नहीं है बल्कि उसे जमीन पर उतारने का काम भी विधायक लगातार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक है। वर्षों से जर्जर सड़क के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। अब सड़क मरम्मत का कार्य शुरू होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। जोसिमा खाखा ने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा क्षेत्र की समस्याओं को केवल सुनते नहीं हैं बल्कि उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक की पहल सराहनीय है। कुरडेग को विकसित और सुंदर बनाने का जो सपना विधायक ने देखा है, उसे पूरा करने में जनता भी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहनी चाहिए।
मौके पर ये भी थे मौजूद
मौके पर जिप सदस्य जोसिमा खाखा, सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, जिला विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, एजाज अहमद, बीस सूत्री उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, प्रखंड प्रभारी लखन गुप्ता, मुखिया उर्मिला केरकेटा, शकील अहमद, अख्तर ख़ान, प्रखंड अध्यक्ष तुलसी प्रांगत खलखो, अजीत लकड़ा, सिल्बेस्टर बाघवार, चंदन कुमार, सेराफिनुश कुल्लू, शीतल एक्का, शिव केसरी, अक्षन ख़ान, मो अरमान, विवेक एक्का, निशान ख़ान, विवेक एक्का, डॉ इम्तियाज़ हुसैन, उर्मिला केरकेट्टा, प्रतिमा कुजूर, शोभेन तिग्गा, वारिश रजा, सोनी वर्मा, संगीता देवी, देवनीश खलखो, दीपक जयसवाल, नीलिमा खाखा, शफ़ार अली, गुलशन एक्का, अशोक राम, रोहित गुप्ता, अरुण जयसवाल आदि उपस्थित थे।

Spread the love