सड़क हादसे में भाजपा नेता का निधन

360° Ek Sandesh Live

रामगढ़। रामगढ़ जिला में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता का निधन हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर पटेल चौक के समीप हुई इस दुर्घटना के बाद पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि पतरातू बस्ती निवासी सुबोध कुमार सिंह अपनी स्कूटी (जेएच-24एम-7486) से चुटूपालू घाटी की ओर से रामगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान पटेल चौक के पास उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई व सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई व सुबोध कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के दौरान उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वे घटनास्थल पर ही अचेत हो गए। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल तथा बाद में होप हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों में शोक का माहौल छा गया। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत नेता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुबोध कुमार सिंह एक कर्मठ, समर्पित व जमीनी कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके निधन से पार्टी ने एक सक्रिय व प्रतिबद्ध कार्यकर्ता को खो दिया है। दिवंगत भाजपा नेता का अंतिम संस्कार दामोदर नदी तट स्थित गांधी घाट पर किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता, समर्थक व स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार, वरिष्ठ नेता रंजीत कुमार सिन्हा, अमरेंद्र कुमार गुप्ता, रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, डॉ. संजय कुमार सिंह, चंद्रशेखर चौधरी, प्रिया करमाली, राजीव जायसवाल, संजय प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Spread the love