शादी टूटने के सदमे में नफीस ने की खुदकुशी,सुसाइड नोट मिलने की चर्चा से बढ़ा सस्पेंस

360° Ek Sandesh Live

Reporting By Mustaffa

मेसरा (रांची) : ओरमांझी थाना क्षेत्र के इरबा स्थित दामाद कॉलोनी में सोमवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले 26 वर्षीय युवक नफीस अहमद (पिता नेसार अहमद) ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से सिकिदिरी के कुटे (सांडी) गांव का रहने वाला नफीस बेहद तेज-तर्रार और मिलनसार स्वभाव का था। बताया जा रहा है,लड़का रोसपा टावर में किसी कंप्यूटर-लैपटॉप की दुकान में काम करता था। उसकी अचानक मौत की खबर से परिजनों और दोस्तों में कोहराम मच गया है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार,नफीस सोमवार की रात करीब 9-10 बजे टाटा से वापस अपने घर लौटा था। रात में सही सलामत खाना-पीना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार की सुबह जब परिजन उसे जगाने गए,तो नफीस का शव छत के पंखे के कुंडी से रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही ओरमांझी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स,रांची भेज दिया। ​ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक,नफीस का विवाह हाल ही में अनगड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती से तय हुआ था,जिससे घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन इसी बीच,वह युवती किसी अन्य लड़के के साथ चली गई। इस घटना के बाद से ही नफीस गहरे सदमे और मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में था और अक्सर गुमसुम रहने लगा था। माना जा रहा है कि शादी टूटने के इसी आघात के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। ​ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,मृतक नफीस ने यह कदम उठाने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था। उस नोट में कथित तौर पर उस लड़की का जिक्र है जिससे उसकी शादी होने वाली थी और जो किसी और के साथ चली गई। नफीस ने इसी बात से आहत होने का उल्लेख किया है। हालांकि,खबर लिखे जाने तक पुलिस या आधिकारिक सूत्रों द्वारा इस सुसाइड नोट की ठोस पुष्टि नहीं की गई थी। ​फिलहाल,ओरमांझी पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट,सुसाइड नोट के दावों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Spread the love