अतिक्रमण के हटते हीं खुली सड़कें, जाम से राहत की जगी उम्मीद
विष्णुगढ़/हजारीबाग : प्रखंड मुख्यालय के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शुमार हॉस्पिटल चौक में गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क और फुटपाथ को कब्जामुक्त कराया। अंचलाधिकारी नित्यानंद दास के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस बल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर और जेसीबी मशीन से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद जगी है।
हॉस्पिटल चौक लंबे समय से अतिक्रमण और जाम की समस्या से जूझ रहा था तथा सड़क किनारे अनधिकृत रूप से लगाए गए ठेले, फुटपाथी दुकानें, अस्थायी शेड और अन्य अवैध संरचनाओं के कारण सड़क संकरी हो गई थी। इसका खामियाजा रोजाना अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों, एंबुलेंस सेवाओं, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और आम राहगीरों को भुगतना पड़ रहा था। कई बार जाम की वजह से आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती थीं। प्रशासन की टीम जैसे ही अभियान के लिए पहुंची, पूरे इलाके में हलचल मच गई। कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपने अस्थायी ढांचे और सामान हटाने शुरू कर दिए, जबकि कई स्थानों पर जेसीबी मशीन की सहायता से अतिक्रमण तोड़कर सड़क और फुटपाथ को खाली कराया गया जबकि कुछ सामानों को जब्त भी किया गया। अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। अंचलाधिकारी नित्यानंद दास ने कहा कि सार्वजनिक सड़कें और फुटपाथ आम नागरिकों की सुविधा के लिए होते हैं और इन पर अतिक्रमण होने से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी नियमित अभियान चलाया जाएगा। हालांकि कार्रवाई से प्रभावित कुछ फुटपाथी दुकानदारों ने अपनी आजीविका को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि वे वर्षों से छोटे व्यवसाय के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से उनके पुनर्वास अथवा वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि उनके रोजगार पर संकट न आए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि हॉस्पिटल चौक में अतिक्रमण के कारण लंबे समय से जाम और अव्यवस्था की समस्या बनी हुई थी। अतिक्रमण हटने से सड़क चौड़ी हुई है और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है। लोगों का मानना है कि यदि प्रशासन नियमित निगरानी रखे और दोबारा अतिक्रमण न होने दे, तो यह व्यवस्था स्थायी रूप से कायम रह सकती है। अभियान में मुख्य रूप से अंचलाधिकारी नित्यानंद दास, चेड़रा पंचायत के मुखिया निर्मल कुमार, पंचायत समिति सदस्य मुन्नी देवी, संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस बल तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
