वज्रपात से बुझ गई थी गांव की बत्ती,जनप्रतिनिधियों की पहल पर फिर ‘रोशन’ हुआ हतवाल

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

मेसरा (रांची): ​ओरमांझी प्रखंड क्षेत्र के हतवाल गांव में पिछले दो दिनों से छाया अंधेरा बुधवार को छंट गया। तेज बारिश और आकाशीय बिजली (वज्रपात) की मार झेलने वाले ग्रामीणों के चेहरे पर उस वक्त मुस्कान लौट आई,जब गांव में नया 200 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। बिजली आते ही ग्रामीणों ने न केवल तालियां बजाईं,बल्कि लड्डू बांटकर इस खुशी का जश्न भी मनाया। ​दो दिन पूर्व हुई भीषण बारिश के दौरान वज्रपात से गांव का मुख्य ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद से ही ​पूरा गांव अंधेरे में डूबा था। ​बिजली आधारित पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। ​भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। ​समस्या गंभीर होते देख गांव के युवाओं ने मोर्चा संभाला। ग्रामीणों की मांग और युवाओं की सक्रियता को देखते हुए पूर्व सांसद रामटहल चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों से संपर्क किया। जनप्रतिनिधियों की त्वरित पहल का ही परिणाम रहा कि विभाग ने रिकॉर्ड समय में नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा दिया। पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा,आज के युग में बिजली मूलभूत आवश्यकता है। इसके बिना जीवन की रफ्तार थम जाती है। ग्रामीणों की समस्या का समाधान होना हमारी प्राथमिकता थी। वहीं,​बुधवार को पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने विधिवत रूप से नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। जैसे ही गांव की लाइट जली,पूरा इलाका दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और सक्रिय युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए मिठाई बांटी।

Spread the love