Eksandeshlive Desk
बरही/हजारीबाग: एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए 203 कोबरा बटालियन की ओर से शुक्रवार को भव्य रूप से साइकिल रैली और शनिवार को वॉकथॉन का आयोजन किया। शुक्रवार को साइकिल रैली 203 कोबरा परिसर से शुरू होकर पटना-रांची मार्ग होते हुए बरही चौक तक पहुंची। रैली में शामिल जवान हाथों में एक भारत श्रेष्ठ भारत से संबंधित नारे लिखे बैनर और पोस्टर लेकर आम लोगों को जागरूक कर रहे थे। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। इसी कड़ी में शनिवार को वॉकथॉन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 203 कोबरा कैंप से पोड़ैया गांव तक संपन्न हुआ। इस वॉकथॉन में कोबरा के अधिकारियों, जवानों के साथ ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय एकता के इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
कार्यक्रम के दौरान 203 कोबरा के द्वितीय कमान अधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि देश के सभी नागरिकों को धर्म, संप्रदाय, जाति, क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता का परिचय देना होगा तभी हमारा राष्ट्र सुखी व समृद्ध होगा और विश्व पटल पर एक श्रेष्ठ राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। इस मौके पर 203 कोबरा के द्वितीय कमान अधिकारी गौरव कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी गंगवाने कैलाश शम्भाजी, उप कमांडेंट (प्रशासन) विक्रांत कुमार, अन्य राजपत्रित अधिकरियों, अधीनस्थ अधिकारियों, भारी संख्या में जवानों एवं बच्चों ने भाग लिया।