छठ महापर्व को लेकर सुखनदिया घाट की साफ-सफाई में जुटे कमिटी के युवा सदस्य

360° Ek Sandesh Live

स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता से क्षुब्ध हुए युवा सहित आम ग्रामीण

अजय राज
प्रतापपुर(चतरा) : आगामी छठ महापर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सुखनदिया छठ घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए जेसीबी मशीन लगाकर छठ पूजा समिति के सदस्यों के द्वारा साफ-सफाई अभियान चलाया गया। छठ कमिटी के सदस्यों सहित स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। वहीं छठ घाट की साफ सफाई एवं पहुंच रोड की मरम्मती आदि में प्रशासनिक अधिकारियों के तरफ से किसी भीं प्रकार की कोई पहल तथा सहयोग नहीं किए जाने तथा उदासीनता बरते जाने पर आम ग्रामीणों में काफी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि हिंदुओं के छठ जैसे महान पर्व को देखते हुए जहां एक ओर सरकार के द्वारा सभी जिलाधिकारियों को छठ घाटों की साफ- सफाई, प्रकाश की व्यवस्था सहित सुरक्षा आदि को लेकर कई निर्देश प्राप्त है वहीं प्रतापपुर प्रखंड में इसको लेकर सरकारी स्तर पर किसी भी पदाधिकारी के द्वारा कोई तत्परता नहीं दिखाई देना समझ से परे है। हालांकि स्थानीय विधायक ने छठ पूजा समिति के सदस्यों को हर संभव मदद करने का वादा जरूर किया है। चूंकि समय बहुत कम है तथा शनिवार से नहाए खाए के साथ हीं चार दिवसीय छठ महा पर्व की शुरुआत हो जाएगी अतः इसको देखते हुए ग्रामीणों और युवाओं की टोली ने शुक्रवार को घाट के चारों ओर जमा गंदगी और झाड़ियों को हटाया तथा साथ ही सुखनदिया घाट की सफाई कर पानी को स्वच्छ रखने का प्रयास किया। बताते चले कि सुखनदिया छठ घाट पर रामपुर, प्रतापपुर तथा बभने यानी तीनों पंचायत के लोग छठ व्रत करने आते हैं तथा हजारों हजार की भीड़ लगती है परंतु इन तीनों पंचायत का एक मात्र छठ घाट होने के बावजूद आज तक किसी जन प्रतिनिधि या राज नेता ने इस अस्थाई छठ घाट को पक्का घाट बनाए जाने तथा इसका सौंदर्यीकरण किए जाने को लेकर कोई पहल नहीं की है। इस कारण आज भी इस छठ घाट पर छठ व्रतियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मौके पर स्थानीय लोगों में शिक्षक अजीत कुमार, मिथलेश कुमार सोनू सहित छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राहुल कुमार, सौगंध कुमार एवं छठ पूजा समिति के अन्य सदस्य एवं युवा मौजूद थे।।

Spread the love