झारखंड में बादल छाने से तापमान में गिरावट, 24 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। आंशिक बादल छाने के कारण राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रांची सहित अन्य प्रमुख शहरों में पिछले कुछ दिनों के मुकाबले अधिकतम तापमान में कमी आई है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को घटकर 28.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। इसी तरह जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री से घटकर 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। चाईबासा में तापमान 33.8 से घटकर 33.4 डिग्री और डालटेनगंज में 32.4 से घटकर 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल छा गए। शाम के समय तापमान में कमी के कारण हल्की ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को राज्य के कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। रविवार सुबह कुछ क्षेत्रों में कुहासा रहने की संभावना है, जबकि बाद में आसमान साफ हो सकता है। 23 फरवरी को भी आंशिक बादल रहने का अनुमान है। वहीं 24 फरवरी को राज्य के दक्षिणी और मध्यवर्ती जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। शुक्रवार को विभिन्न जिलों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा। रांची में 30 और 10.3 डिग्री, जमशेदपुर में 32.8 और 13.4 डिग्री, डालटेनगंज में 32.4 और 9.3 डिग्री, बोकारो में 32.5 और 11.6 डिग्री, चाईबासा में 33.8 और 12.2 डिग्री, खूंटी में 29.7 और 13 डिग्री, लोहरदगा में 27.5 और 13 डिग्री, लातेहार में 23.8 और 13.2 डिग्री तथा सरायकेला में 33.2 और 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Spread the love