अबुआ हेल्थ कार्ड 5 से बढ़कर 15 लाख : इरफान अंसारी

360° Ek Sandesh Live

News by Sunil

अब देशभर के बड़े अस्पतालों में मिलेगा कैशलेस इलाज

रांची: झारखंड सरकार ने राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत नई बीमा अवधि के लिए महत्वपूर्ण समझौता किया है। इसके लागू होने के बाद राज्य के कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को देशभर के प्रतिष्ठित और सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में बेहतर, सुलभ और पूरी तरह कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। राज्य के लगभग 200 अस्पतालों सहित देशभर के करीब 600 अस्पतालों को जोड़ा गया है। इसमें वेल्लोर, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु के प्रमुख चिकित्सा संस्थान शामिल हैं। उक्त बातें स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने नामकुम स्थित आरसीएच परिसर में गुरूवार को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा। मौके पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 2 लाख कर्मचारी एवं उनके परिवार इस योजना से जुड़े हैं, जिससे कुल लाभार्थियों की संख्या 7 लाख से अधिक हो गई है। पिछले वर्ष इस योजना के तहत 10,257 मरीजों का इलाज किया गया, जिस पर लगभग 51 करोड़ रुपये खर्च हुए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह योजना केवल एक समझौता नहीं, बल्कि राज्य कर्मियों के स्वास्थ्य सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने बताया कि सीमित आय के कारण कर्मचारी गंभीर बीमारी के समय आर्थिक संकट का सामना करते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए इस योजना को नए स्वरूप में लागू किया गया है।नई व्यवस्था में अनलिमिटेड कैशलेस सुविधा, बड़े अस्पतालों की व्यापक भागीदारी और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य बन रहा है जहां सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका लाभ उनके पूरे परिवार को मिलेगा।योजना का दायरा बढ़ाते हुए अधिवक्ताओं, आइएएस और आपीएस अधिकारियों, पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों को भी इसमें शामिल किया गया है।आम जनता के लिए भी बड़ी राहत देते हुए अबुआ कार्डयोजना के तहत स्वास्थ्य बीमा की राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दी गई है। उन्होंने आगे बताया कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, मेडिको सिटी की स्थापना, मेडिकल सीटों में वृद्धि और रिम्स-2 जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि भविष्य में लोगों को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। यह नई स्वास्थ्य बीमा योजना न केवल इलाज को आसान बनाएगी, बल्कि कर्मचारियों के आर्थिक बोझ को भी कम करेगी और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाएगी।कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के स्टेट मिशन डायरेक्टर विद्यानंद शर्मा पंकज, एएजी आशुतोष आनंद, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित कर्मचारियों के 33 महासंघ एवं विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधि, एसोसिएशन आॅफ हेल्थ प्रोवाइडर्स आॅफ इंडिया के प्रतिनिधि, विभिन्न बोर्ड एवं निगमों के प्रतिनिधि, टाटा एआईजी के प्रतिनिधि, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Spread the love