Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : अमेरिका में खुफिया एजेंसियों की प्रमुख तुलसी गबार्ड ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में तुलसी गबार्ड को अमेरिका की 18 खुफिया एजेंसियों पर निगरानी रखने वाली राष्ट्रीय खुफिया संस्था का निदेशक नियुक्त किया था। राष्ट्रपति ट्रंप ने तुलसी गबार्ड का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है तथा उनके सहायक उपनिदेशक आरोन लुकास को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया है। तुलसी आगामी 30 जून को पदमुक्त होंगी।
राष्ट्रपति ट्रंप को भेजे गए अपने त्यागपत्र में तुलसी ने अपने पति अब्राहम की बीमारी का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि मेरे पति एक दुर्लभ किस्म के हड्डियों के कैंसर से पीड़ित हैं। वह पति की देखभाल के लिए समय चाहती हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर तुलसी के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमें उनकी कमी खलेगी। तुलसी ने अपने त्यागपत्र में ईरान युद्ध या अन्य मुद्दों पर ट्रंप प्रशासन की नीतियों से किसी असहमति का उल्लेख नहीं किया है। हालांकि राजनीतिक हलकों में यह आम चर्चा थी कि तुलसी गबार्ड ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके खिलाफ छेड़े गए युद्ध के खिलाफ थीं। पिछले कुछ महीनों के दौरान ट्रंप प्रशासन के कई मंत्रियों और अधिकारियों ने इस्तीफा दिया है।
