पतरातू-रामगढ़ फोरलेन पर अनियंत्रित बाइक मकान की चहारदीवारी से टकराई, शोक की लहर
भुरकुंडा (रामगढ़): बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरातू-रामगढ़ फोरलेन पर गेगदा सियारी टोला के समीप 2 जून की रात्रि हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सौंदा डी पंचायत के रामनगर निवासी अभिषेक उर्फ संदीप शर्मा 28 वर्ष, (पिता स्व. ओंकार शर्मा) तथा सौंदा डी शक्तिनगर निवासी राहुल गोप 31 वर्ष, (पिता सिजोर गोप) के रूप में हुई है। दोनों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को अभिषेक उर्फ संदीप शर्मा का जन्मदिन था। जन्मदिन के अवसर पर वह अपने दोस्तों के साथ पतरातू स्थित एक रेस्टोरेंट में बर्थ डे पार्टी सेलिबे्रट करने गए थे। पार्टी खत्म होने के बाद देर रात सभी अपने-अपने वाहनों से घर लौट रहे थे। इसी दौरान संदीप शर्मा अपने मित्र राहुल गोप के साथ करिज्मा बाइक नंबर (जेएच 24 एम 2730) पर सवार होकर घर लौट रहा था। बताया जाता है कि गेगदा सियारी टोला के समीप उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक मकान की चहारदीवारी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक समेत दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। रात का समय होने और घटनास्थल अपेक्षाकृत सुनसान होने के कारण हादसे की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। उधर देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और दोनों युवकों की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन रातभर उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह मकान मालिक की नजर दुर्घटनाग्रस्त बाइक और दोनों युवकों पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना बासल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों युवकों की मौत की खबर फैलते ही सौंदा डी पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। जन्मदिन की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं और दो परिवारों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए।
