विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं चंचला ने साझा की संघर्ष और सफलता की कहानी, छात्राओं को दिए सपने साकार करने के मंत्र
भुरकुंडा (रामगढ़):पीवीयूएनएल, पतरातु के गल्र्स एम्पावरमेंट मिशन (जीईएम) परिसर में बुधवार को झारखंड की अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान एवं विश्व कुश्ती चैंपियनशिप-2021 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं चंचला कुमारी ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें प्रेरित किया। उनके आगमन से छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। संवाद कार्यक्रम के दौरान चंचला कुमारी ने छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए अपने संघर्ष, मेहनत और सफलता की प्रेरणादायी यात्रा साझा की। उन्होंने कहा कि हर बच्चे के भीतर विशेष प्रतिभा और असीम संभावनाएं होती हैं। आवश्यकता केवल अपनी क्षमताओं को पहचानने और लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने की है। उन्होंने छात्राओं को अपने सपनों के प्रति समर्पित रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा कठिन परिश्रम के बल पर सफलता हासिल करने का संदेश दिया। चंचला ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने छात्राओं को जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें अवसर के रूप में स्वीकार करने की सलाह दी। इस अवसर पर स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा ने चंचला कुमारी का स्वागत एवं सम्मान किया तथा छात्राओं के साथ उनके प्रेरणादायी संवाद के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भी छात्राओं को शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं यादगार साबित हुआ। चंचला कुमारी के अनुभवों और मार्गदर्शन से प्रेरित होकर छात्राओं ने नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का संकल्प लिया।
