झारखण्ड में 61 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पल्स पोलियो की दवा 28 जून को

360° Ek Sandesh Live

News By Sunil Verma

रांची : स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखण्ड ने राज्य में आगामी पल्स पोलियो दिवस की तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। आगामी 28 जून को पूरे राज्य में एक साथ 0 से 5 वर्ष तक के 61 लाख से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राज्य के सभी सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश और जिलावार लक्ष्य जारी कर दिया है। यह अभियान 28 जून को बूथ स्तर पर दवा पिलाने से शुरू होकर 30 जून 2026 तक घर-घर जाकर चलाया जाएगा। इस वृहद राष्ट्रीय अभियान के तहत झारखण्ड के कुल 61,26,679 बच्चों को पोलियो सुरक्षा कवच देने का लक्ष्य है। 28 जून को दवा पिलाने के लिए राज्य भर में कुल 24,507 बूथ एक्टिव रहेंगे, जिन पर 49,013 टीमें तैनात की गई हैं। इस पूरे अभियान की कड़ी निगरानी और पर्यवेक्षण के लिए 4,901 सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ विजय किशोर रजक ने बताया कि बोकारो में 3,53,072 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। चतरा में 2,20,048 बच्चों के लिए, देवघर में 3,30,033 बच्चों के लिए धनबाद में 4,24,729 बच्चों के लिए, दुमका में 2,30,074 बच्चों के लिए, पूर्वी सिंहभूम में 3,97,194 बच्चों के लिए, गढ़वा में 3,03,885 बच्चों के लिए , जबकि गिरिडीह में सबसे अधिक 4,89,227 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार गोड्डा जिले में 2,85,788 बच्चों के लिए,गुमला में 1,49,571 बच्चों के लिए, हजारीबाग में 3,12,306 बच्चों के लिए, जामताड़ा में 1,28,055 बच्चों के लिए, खूँटी में 98,008 बच्चों के लिए, कोडरमा में 1,56,731 बच्चों के लिए, लातेहार में 1,56,643 बच्चों के लिए; लोहरदगा में 84,035 बच्चों के लिए, पाकुड़ में 1,89,512 बच्चों के लिए; पलामू में 3,80,579 बच्चों के लिए, रामगढ़ में 1,71,477 बच्चों के लिए, राज्य की राजधानी राँची में 5,05,524 बच्चों के बड़े लक्ष्य के साथ,साहिबगंज में 2,64,166 बच्चों के लिए; सरायकेला में 1,76,653 बच्चों के लिए; सिमडेगा में 81,711 बच्चों के लिए और पश्चिमी सिंहभूम में 2,37,658 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने लक्ष्य तय किया गया है।

Spread the love