By Mustaffa
मेसरा (रांची): रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत ईचादाग गांव में श्री श्री मण्डा परब समिति के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक मण्डा पूजा महोत्सव शनिवार को पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। 26 मई से शुरू हुए इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिनों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। महोत्सव के मुख्य आकर्षण फूलखुंदी के दौरान उपवास पर बैठे शिवभक्तों (भोक्ताओं) और सेक्ताईनों ने धकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। इसके बाद शनिवार को रोमांचक झूलन कार्यक्रम के साथ इस भव्य परब का समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित पारंपरिक छऊ नृत्य को देखने के लिए ईचादाग सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह खिजरी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रामधन बेदिया उपस्थित हुए। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य सरिता देवी,ईचादाग पंचायत की मुखिया रीना देवी,पंचायत समिति सदस्य रेशमी रेखा मुण्डा तथा पूर्व प्रमुख बुधराम बेदिया ने भी शिरकत की। महोत्सव को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में ग्राम प्रधान राम किंकर पहान,पुजारी रघुनन्दन सिंह,फूल सुसारी कुलदीप महली,अजय महली,अध्यक्ष महेश मुण्डा,उत्तम महली,जगरनाथ महली,सचिव नकुल सिंह,देवदत्त पाहन,राजू सिंह,कोषाध्यक्ष उदित मुण्डा,प्रकाश रजवार,कलेश्वर महली समेत समिति के सभी पदाधिकारियों की मुख्य भूमिका रही। अंत में समिति के पदाधिकारियों ने इस भव्य आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए समस्त ग्रामवासियों एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
