MUSTFA
मेसरा (रांची): ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत चकला पंचायत सचिवालय परिसर में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर महतो ने की, जबकि संचालन स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
बैठक में मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित झामुमो के केंद्रीय सदस्य अंतू तिर्की ने कार्यकर्ताओं को राज्य में चल रहे एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री तिर्की ने कहा कि लोकतंत्र में हर एक वोट की बड़ी कीमत है। इसलिए पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहे और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटने पाए। केंद्रीय सदस्य ने जोर देकर कहा कि जो युवा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए कार्यकर्ता विशेष रुचि लें। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को धारदार बनाने के लिए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और जल्द से जल्द सशक्त बूथ कमेटियों का गठन पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर महतो ने भी संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की। इस मौके पर मुख्य रूप से हारून रशीद,नरेश यादव, मकबुल अंसारी,अशोक कुमार मुंडा, मो. जहुर अंसारी, साजिद कोशर, रिजवान अंसारी, दीपक मुंडा, असलम अंसारी, दिगंबर मुंडा, मुमताज अंसारी, शिवचरण बेदिया सहित भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।
