रिनपास में डीटीएमएस तकनीकों की उपलब्धता से राज्य के मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा : डॉ. इरफान अंसारी

360° Ek Sandesh Live

News By Sunil

राँची: झारखंड में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रिनपास में बुधवार को प्रोजेक्ट मानस ब्रेन्सवे डीप ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (dTMS) सेंटर” का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री इरपफान अंसारी ने किया।यह परियोजना सीसीएल के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व कार्यक्रम के तहत वित्तपोषित की गई है। केंद्र की स्थापना रोटरी फाउंडेशन (इंडिया) की ओर से की गयी, जिसमें रोटरी क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट का सहयोग प्राप्त हुआ है। अपने संबोधन में डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज सार्वजनिक स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीकों की उपलब्धता से राज्य के मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा तथा रिनपास के प्रयासों की सराहना की।रिनपास की निदेशक डॉ. जयति सिमलाई ने बताया कि डीप ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (dTMS) एक सुरक्षित, प्रभावी और गैर-आक्रामक उपचार तकनीक है। इसका उपयोग अवसाद (डिप्रेशन), ऑब्सेसिव कम्पल्सिव डिसऑर्डर (OCD), नशा मुक्ति उपचार तथा अन्य मानसिक एवं तंत्रिका संबंधी विकारों के उपचार में किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र की स्थापना से झारखंड सहित पूर्वी भारत के मरीजों को अत्याधुनिक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण किया और आधुनिक dTMS प्रणाली की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उपस्थित वक्ताओं ने इसे झारखंड में मानसिक स्वास्थ्य उपचार के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल बताया। उद्घाटन समारोह में सुरेश कुमार बैठा, रिनपास की निदेशक डॉ. जयति सिमलाई, सीसीएल के जीएम (सीएसआर) सिद्धार्थ शंकर लाल, रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नम्रता सहित अनेक कर्मी उपस्थित थे।

Spread the love