पूर्वी सिंहभूम। करनी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को एनडीए के आह्वान पर जमशेदपुर बंद का व्यापक असर देखने को मिला। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय अपने समर्थकों के साथ स्वयं सड़क पर उतरे और बंद का नेतृत्व किया। वहीं भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी झंडा-डंडा लेकर विभिन्न इलाकों में बंद कराने निकले। कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बंद समर्थकों ने वाहनों को रोककर उनके टायरों की हवा निकाल दी, जबकि सड़क पर चल रहे टेंपो चालकों को वापस लौटने के लिए खदेड़ दिया। इसके बाद साकची, बिष्टुपुर, मानगो, जुगसलाई, गोलमुरी, कदमा समेत कई प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में बंद का असर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।विधायक सरयू राय सुबह से ही अपने समर्थकों के साथ विभिन्न इलाकों का दौरा करते रहे और लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर संकेत है। उनका आरोप था कि लगातार हो रही हत्या, गोलीबारी, लूट और हमले की घटनाओं से आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों के खिलाफ समय पर कठोर कार्रवाई होती तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती।सरयू राय ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से तत्कालीन जमशेदपुर एसएसपी और सरायकेला-खरसावां एसपी को हटाना स्वीकारोक्ति है कि कानून-व्यवस्था में कहीं न कहीं गंभीर चूक हुई है। उन्होंने नए पुलिस अधिकारियों से अपराधियों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कार्रवाई करने और शहर में कानून का राज स्थापित करने की अपेक्षा जताई।
बंद के दौरान भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर, बिष्टुपुर, मानगो चौक, जुगसलाई, गोलमुरी और अन्य प्रमुख इलाकों में जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की, जिसका व्यापक असर भी देखने को मिला। कई बाजारों में सुबह से ही दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही रही। जगह-जगह राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की गई।इस बीच भाजपा के पूर्व नेता एवं जमशेदपुर पश्चिम से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके विकास सिंह को उनके आवास से बंद में शामिल होने के लिए निकलते समय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। विकास सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय विरोध करने वालों को रोक रही है। उन्होंने हिमांशु सिंह के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और कठोर सजा देने की मांग की।
बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, चौक-चौराहों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। कई बंद समर्थकों को एहतियातन हिरासत में भी लिया गया। बंद के कारण कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि अस्पताल, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्बाध रूप से संचालित कराया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
