रिपोर्ट : आशुतोष
काठमांडू। नेपाल के कोशी प्रांत के झापा जिले की शिवसताक्षी नगरपालिका-6 में श्री जन आदर्श माध्यमिक विद्यालय के निर्माण के लिए शिलान्यास राधा कृष्ण खनाल, कोशी प्रांतीय सभा सदस्य; मेघाहांग थोप्रा, मेयर, शिवसताक्षी नगरपालिका; तथा गरिमा नौटियाल, द्वितीय सचिव, भारतीय दूतावास, काठमांडू की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। विद्यालय भवन का निर्माण भारत सरकार की तरफ से लगभग 3 करोड़ नेपाली रुपये की वित्तीय सहायता से किया जा रहा है। यह उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (एचआईसीडीपी) शिवसताक्षी नगरपालिका, झापा के माध्यम से कार्यान्वित की जाएगी। शिवसताक्षी नगरपालिका, झापा के मेयर तथा अन्य हितधारकों ने भारत सरकार की ओर से प्रदान किए जा रहे विकासात्मक सहयोग की सराहना की और विश्वास व्यक्त किया कि यह नया अवसंरचना शिवसताक्षी नगरपालिका, झापा में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए शिक्षण वातावरण को बेहतर बनाने में सहायक होगा। निकट पड़ोसी होने के नाते भारत और नेपाल व्यापक एवं बहु-क्षेत्रीय सहयोग में संलग्न हैं। एचआईसीडीपी परियोजनाओं का कार्यान्वयन नेपाल सरकार के विकास व प्रगति को बढ़ावा देने के प्रयासों को सुदृढ़ करने में भारत सरकार के निरंतर समर्थन को दशार्ता है, साथ ही प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में अवसंरचना को सुदृढ़ करने में भी सहायक है।
