रिम्स में अग्निशमन मॉक ड्रिल व मरीज निकासी अभ्यास का सफल हुआ आयोजन

360° Ek Sandesh Live

By Sunil Verma

रांची। रिम्स में सोमवार को अस्पताल प्रबंधन विभाग व एसएपी बटालियन (1 व 2) के संयुक्त तत्वावधान में सुपर स्पेशियलिटी भवन व डेंटल कॉलेज परिसर में अग्निशमन मॉक ड्रिल, सुरक्षा प्रशिक्षण और पेशेंट इवैक्यूएशन ड्रिल का सफल आयोजन सोमवार को किया गया। अभ्यास का उद्देश्य अस्पताल में आग अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित व समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना, मरीजों की सुरक्षित निकासी तथा जान-माल की सुरक्षा के लिए चिकित्सकों, नर्सिंग, पैरामेडिकल व अन्य कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। मॉक ड्रिल के दौरान फायर ब्रिगेड की ओर से आपातकालीन प्रतिक्रिया, आग पर नियंत्रण, अग्निशमन यंत्रों के सुरक्षित उपयोग तथा ऊपरी मंजिलों पर फंसे मरीजों व कर्मियों के रेस्क्यू के लिए हाइड्रोलिक बकेट लिफ्ट का प्रदर्शन किया गया। साथ ही स्ट्रेचर व व्हीलचेयर के माध्यम से गंभीर मरीजों की सुरक्षित निकासी तथा आपदा की स्थिति में निर्धारित असेंबली प्वाइंट तक व्यवस्थित रूप से पहुंचने का अभ्यास कराया गया। अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस सुरक्षा अभ्यास की अध्यक्षता अपर चिकित्सा अधीक्षक व कर्नल जीवन कुमार सिंह, कमांडेंट, एसएपी बटालियन (1 एवं 2) ने की। इस अवसर पर रिम्स के चिकित्सक, चिकित्सा पदाधिकारी, जूनियर व सीनियर रेजिडेंट, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, एसएपी जवान, पुलिस बल, होमगार्ड, सहायक एवं आउटसोर्स कर्मियों सहित लगभग 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
रिम्स प्रशासन ने बताया कि अस्पताल परिसर को आपदा की किसी भी स्थिति के लिए सदैव तैयार रखने तथा सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के अग्निशमन मॉक ड्रिल व सुरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन प्रत्येक तिमाही नियमित रूप से किया जाएगा।

Spread the love