रोजगार की तलाश में घर से बिना बताए चेन्नई जा रहे थे युवक-युवती,ओडिशा में पुलिस ने किया दस्तयाब

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

मेसरा/​ओरमांझी (रांची): रोजगार की तलाश में परिजनों को बिना बताए चेन्नई जा रहे एक युवती सहित अन्य युवक-युवतियों को ओरमांझी पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई तकनीकी शाखा (टेक्निकल सेल) के इनपुट के आधार पर ओडिशा के झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन पर की। जानकारी के अनुसार,ओरमांझी के चूट्टूपालू निवासी आशा कुमारी अचानक घर से कहीं चली गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला,तो परेशान परिजनों ने गत 12 जुलाई को ओरमांझी थाने में सुराग लगाने की लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए ओरमांझी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और तकनीकी शाखा की मदद से युवती के मोबाइल लोकेशन को ट्रैक करना शुरू किया। लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस टीम ने ओडिशा के झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन पर मुस्तैदी दिखाई और घेराबंदी कर युवती को बरामद कर लिया। मौके पर जब पुलिस पहुंची, तो वहाँ आशा कुमारी और हरि महतो के साथ मांडू (रामगढ़) निवासी कुलदीप महतो और रिया कुमारी भी मौजूद थे। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी गलत नीयत से घर से नहीं भागे हैं और न ही वे प्रेमी जोड़े हैं। उन्होंने बताया कि वे सभी केवल रोजगार (काम करने) के सिलसिले में चेन्नई जा रहे थे, जिसकी जानकारी उन्होंने डर के मारे अपने घरवालों को नहीं दी थी। इस संबंध में ओरमांझी पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया,परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले को संवेदनशीलता से लिया और तकनीकी शाखा की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी युवक-युवतियों को सकुशल झारसुगुड़ा से बरामद कर लिया है। पूछताछ में स्पष्ट हुआ है कि ये सभी रोजगार की तलाश में बाहर जा रहे थे। फिलहाल सभी को ओरमांझी थाना लाया जा रहा है,जहाँ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और उचित काउंसिलिंग पूरी करने के बाद इन्हें सुरक्षित इनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हमारी आम जनता से भी अपील है कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उनके साथ संवाद बनाए रखें।

Spread the love