झारखंड आदिवासी महोत्सव को लेकर रांची में ट्रैफिक बदलाव, कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

360°

Eksandeshlive desk

रांची: झारखंड आदिवासी महोत्सव के आयोजन को लेकर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात में बदलाव किया है। महोत्सव का आयोजन 9 और 10 अगस्त को होना है। 9 अगस्त को होने वाले जतरा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन और पार्किंग को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। रांची के यातायात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 9 अगस्त को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास से बापू वाटिका और मोरहाबादी तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों से आवागमन करने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने शनिवार को बताया कि जतरा कार्यक्रम में खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ और रांची जिले के रातू, कांके, पिठोरिया सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वाहन पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वाहनों के कारण मोरहाबादी क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है। यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है। कांके रिंग रोड, चांदनी चौक, राम मंदिर तथा शहर के भीतर धुर्वा, हिंदपीढ़ी, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से आने वाले वाहनों को न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, रेडियम चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, एटीआई मोड़ और यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी में निर्धारित स्थानों पर पार्क किया जा सकेगा। जतरा कार्यक्रम में बोड़ेयो रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टीआरओआई मैदान यानी मंदिर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की ओर से आने वाले वाहनों को डीआईजी मैदान, बरियातू में पार्क करने की सलाह दी गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी थोड़े समय के लिए वाहनों को डायवर्ट या रोकने का निर्णय लिया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से विशेष अपील की है कि 9 अगस्त को जेल चौक से करमटोली चौक होते हुए एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी के आसपास के मार्गों पर चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल न करें। विशेष परिस्थितियों में ही इन मार्गों पर चारपहिया वाहन ले जाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 9 अगस्त को मोरहाबादी और आसपास के इलाकों में जाने से पहले यातायात प्रतिबंध, पार्किंग व्यवस्था और संभावित डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

Spread the love